Uncategorizedउत्तराखण्डदेशधर्म-संस्कृति

जुमे की नमाज के बाद यूपी-दिल्ली से बंगाल तक हंगामा

नई दिल्ली: पैगम्बर मोहम्मद पर नुपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी को लेकर जुमे की नमाज के बाद देशभर की कई जगह हंगामा हुआ। प्रयागराज, मुरादाबाद, सहारनपुर, हावड़ा, रांची समेत कई जगह पत्थरबाजी की घटनाएं भी हुईं। कुछ जगहों पर उपद्रवियों ने आगजनी की घटना को भी अंजाम दिया। मुरादाबाद में भी हिंसक हो रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया। दिल्ली, कानपुर, देवबंद, सहारनपुर, लखनऊ, कोलकाता, हावड़ा, हैदराबाद समेत कई शहरों में हंगामा हुआ।

प्रयागराज : पथराव, आगजनी और बवाल
यहां जुमे की नमाज के बाद हजारों की भीड़ ने नारेबारी और प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। इससे हड़कंप मच गई। पुलिस ने जब लाठीचार्ज किया तो भीड़ गलियों और छतों पर पहुंच गई और पुलिस पर पथराव करने लगी। घटना करीब दो बजे नमाज के बाद हुई। भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान उपद्रवियों ने कुछ ठेलों को आग के हवाले भी कर दिया।

 सहारनपुर : यहां नवाबगंज में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने जुलूस निकाला। इस दौरान लोगों ने नवाबगंज से लेकर घंटाघर तक जमकर प्रदर्शन किया। जुलूस से लौटते हुए लोगों ने नेहरू मार्केट में खुली दुकानों पर पथराव किया। इस दौरान दहशत के कारण क्षेत्र में बाजार धड़ाधड़ बंद हो गया। घटना के बाद पुलिस के कार्रवाई शुरू की। अब तक 20 से अधिक लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। 

मुरादाबाद : जुमे की नमाज के बाद थाना मुगलपुरा इलाके में स्थित मस्जिद के बाहर नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उपद्रव करने वालों पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके भगाया। अब हालात काबू में है।

देवबंद : पुलिस पर पथराव, आठ को हिरासत में लिया

जुमे की नमाज के बाद देवबंद के रशीदिया मस्जिद के बाहर भी जमकर बवाल हुआ। यहां नमाजियों ने पुलिस पर पथराव किया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आठ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। पत्थरबाज हाथों में पोस्टर और बैनर लिए हुए थे।

कोलकाता : पोस्टर-बैनर लेकर मुस्लिमों ने किया प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन किया। जुमे की नमाज के बाद भारी संख्या में लोग बाहर निकले और नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की।

हावड़ा: पैगम्बर मोहम्मद पर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी जमकर बवाल हुआ। जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में नमाजियों ने हावड़ा में नेशनल हाइवे 116 को ब्लॉक कर आगजनी की। इस दौरान गाड़िया, ऐंबुलेंस, पुलिस वाहन, फायर टेंडर और ट्रक वगैरह ट्रैफिक में फंसे रहे। सीएम ममता बनर्जी ने प्रदर्शनकारियों से रास्ता खाली करने की अपील की। करीब 10 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया।

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में भी हालात बेकाबू दिखे। यहां जुमे की नमाज के बाद मुस्लिमों ने उग्र प्रदर्शन किया। पुलिस फोर्स पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस की प्रदर्शनकारियों से झड़प हुई। इस झड़प में रांची के एसपी सिटी अंशुमान कुमार सहित 12 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।

सोलापुर : महाराष्ट्र के सोलापुर में भी जुमे की नमाज के बाद जमकर प्रदर्शन हुआ। यहां लोगों ने नुपुर शर्मा पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पैगम्बर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी बर्दाश्त नहीं होगी।

फिरोजाबाद : यहां जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज ने जुलूस निकालने का प्रयास किया। ये देखते ही वहां तैनात पुलिस फोर्स अलर्ट हो गया। मौके पर जिलेभर के अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने इस जुलूस को रोक लिया है। बताया गया है कि नालबंद पर नमाज के बाद मुस्लिम लोगों ने जुलूस निकालने का प्रयास किया। जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है। नालबंद में 2:30 बजे जुमे की नमाज अदा की गई थी। उसके एक घंटे बाद जुलूस निकालने का प्रयास किया गया।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button