देश

राष्ट्रपति कोविन्द ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुलाब का फूल भेंट कर जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने रविवार को सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुलाब का फूल भेंट कर जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनकी बधाई को आत्मीयता से स्वीकार किया और धन्यवाद दिया। इसकी फोटो प्रेसिडेंट आफ इंडिया के ट्वीटर हैंडल पर शेयर की गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन पर बधाई दी है। वहीं मुख्यमंत्री योगी ने विश्व पर्यावरण दिवस व अपने जन्मदिन के अवसर पर हरिशंकरी (पीपल, पाकड़ व बरगद) का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। तभी यह पर्यावरण के लिए हितकारी होंगे।

पीएम मोदी ने क‍िया ट्वीट

प्रधानमंत्री ने ट्वीट में लिखा है कि ‘उत्तर प्रदेश के ऊर्जस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनके समर्थ नेतृत्व में राज्य ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने जनता के लिए लोक आधारित शासन को सुनिश्चित किया है। जनसेवा के लिए उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की प्रार्थना।

‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीटर पर लिखा है, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथजी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मोदी जी के मार्गदर्शन में आपने जिस प्रकार उत्तर प्रदेश को गुंडाराज से मुक्त कर विकासोन्मुख शासन दिया है उससे प्रदेश प्रगति के नए कीर्तिमान बना रहा है। आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों, ईश्वर से कामना करता हूं।

मुख्‍यमंत्र‍ियों, केन्‍द्रीय मंत्र‍ियों ने भी दी बधाई

बधाई देने वालों में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों, राज्य सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों के साथ-साथ बसपा सुप्रीमो मायावती, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री के बधाई संदेश पर सीएम योगी ने लिखा कि लोक कल्याण के लिए आपकी प्रतिबद्धता मुझे जनसेवा हेतु प्रतिक्षण प्रेरित करती है। कामना है कि आपका संवेदनशील मार्गदर्शन एवं ऊर्जावान नेतृत्व सतत प्राप्त होता रहे। ट्वीटर पर सीएम योगी के जन्मदिन पर बधाई संदेश टाप ट्रेड‍िंग में शामिल रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button