Uncategorizedउत्तरप्रदेशराजनीति

पीएम मोदी की मौजूदगी में योगी आदित्यनाथ ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, मौर्य व पाठक बने डिप्टी सीएम

लखनऊ: योगी आदित्यनाथ ने देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, प्रदेश की राजनीति में इतिहास रच दिया। वे लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। पांच साल का कार्यकाल पूरा कर चुनाव की अग्निपरीक्षा में खरा उतरने के बाद प्रदेश की सत्ता संभालने वाले वे इकलौते मुख्यमंत्री बन गए हैं।

योगीराज 2.0 में भी दो उप मुख्यमंत्रियों ने शपथ ली। हार के बावजूद केशव प्रसाद मौर्य का कद बरकरार रखा गया है। वहीं, कानून मंत्री रहे ब्रजेश पाठक का कद बढ़ाते हुए नया उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। डॉ. दिनेश शर्मा को इस बार कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने योगी के साथ 52 मंत्रियों को शपथ दिलाई। इनमें 18 कैबिनेट मंत्री, 14 स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री और 20 राज्यमंत्री हैं। खास बात यह है कि इनमें 31 नए चेहरे हैं। नए मंत्रिमंडल के सामने नए संकल्प और लक्ष्य हैं। दो साल बाद ही लोकसभा का चुनाव होना है। योगी की नई टीम के सामने सुशासन को सुदृढ़ करने के साथ वर्ष 2024 की बड़ी चुनौती रहेगी।

किस वर्ग के कितने मंत्री
सामान्य वर्ग – 21
ओबीसी – 20
एससी – 8
मुस्लिम – 1
सिख – 1
एसटी – 1

सामान्य वर्ग
ब्राह्मण – 7
ठाकुर – 7
वैश्य – 3
भूमिहार – 2
खत्री – 1
कायस्थ – 1

मंत्रिमंडल में इस बार 31 नए चेहरे हैं। इनमें पीएम नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाने वाले एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा भी हैं। वे गुजरात काडर के 1988 बैच के आईएएस रहे हैं। लंबे समय तक पीएमओ में रहे। उत्तराखंड की राज्यपाल रहीं बेबी रानी मौर्य को कैबिनेट तो कानपुर के कमिश्नर रहे आईपीएस अफसर असीम अरुण और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को राज्यमंत्री बनाया गया है।

दानिश आजाद… एक मात्र मुस्लिम मंत्री
योगी कैबिनेट में एकमात्र मुस्लिम 32 वर्ष के दानिश आजाद हैं। छह साल एबीवीपी से जुड़े रहे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रहे। हालांकि वे किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। पिछली बार मंत्री रहे मोहसिन रजा को इस बार मौका नहीं दिया गया है।

मंत्रिमंडल में पांच महिलाएं
बेबी रानी मौर्य को कैबिनेट मंत्री, गुलाब देवी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, प्रतिभा शुक्ला, रजनी तिवारी व विजय लक्ष्मी गौतम को राज्यमंत्री बनाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button