देश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज 40 दिन पुराने मंत्रिमंडल का करेंगे विस्तार, फडणवीस को दिया जा सकता गृह विभाग

मुंबई,महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को अपने 40 दिन पुराने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। उद्धव ठाकरे सरकार गिरने के बाद शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था। इसके बाद से राज्य सरकार सिर्फ इन दोनों नेताओं के आसरे चल रही है।

बता दें कि शिव सेना से अलग होकर एकनाथ शिंदे ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है, लेकिन शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस के अलावा किसी ने शपथ नहीं ली थी। उद्धव ठाकरे गुट द्वारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर किए जाने के मद्देनजर मंत्रिमंडल विस्तार रुका हुआ था। कोर्ट में यह मामला जल्दी सुलटता नहीं दिख रहा है, इसके मद्देनजर मंत्रिमंडल विस्तार का फैसला किया गया है।

शिंदे ने नांदेड़ में पत्रकारों को बताया कि मंगलवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। जिन विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा, उनकी सूची बन गई है।  शिंदे के एक निकट सहयोगी ने कहा कि एक दर्जन विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह दिन के 12 बजे होगा। विधानमंडल का मानसून सत्र जल्द होने वाला है। इसे देखते हुए हमने मंत्रिमंडल विस्तार का निर्णय लिया है। सोमवार शाम फडणवीस के मुंबई स्थित आवास पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। स्थानीय निकाय चुनाव व लोकसभा चुनाव से पहले संगठन में होने वाली नियुक्तियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कैबिनेट विस्तार को दिल्ली हाईकमान से मंजूरी

कैबिनेट विस्तार को लेकर सोमवार को शिंदे और फडणवीस के बीच बैठक हुई। दिल्ली हाईकमान से भी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। कुल मिलाकर नए मंत्रिमंडल को लेकर सब कुछ फाइनल हो चुका है। भाजपा खेमे से सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं शिंदे खेमे से गुलाब राव पाटिल, सदा सावरकर, दीपक केसरकर को मौका दिया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को गृह विभाग दिया जा सकता है।

उद्धव का साथ छोड़ने वाले मंत्रियों को मिल सकती है जगह

उद्धव सरकार में मंत्री रहते हुए जिन शिवसेना विधायकों ने विद्रोह का झंडा उठाया था, उनको शिंदे सरकार में भी शामिल किया जा सकता है। पूर्व मंत्रियों-उदय सामंत, संदीपन भुमरे, दादा भुसे, गुलाबराव पाटिल और शंभुराज देसाई को फिर से मंत्री बनाने की चर्चा है। मिड-डे के अनुसार, भाजपा के कोटे से चंद्रकांत पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार, गिरीश महाजन, सुरेश खाड़े और राधाकृष्ण विखे पाटिल मंत्री बनाए जा सकते हैं। भाजपा कुछ चौंकाने वाले नाम भी आगे बढ़ा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button