उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में गोकशी की घटना के बाद सोमवार को हुए बवाल में कोतवाल सुबोध कुमार को छुट्टी पर घर आए एक फौजी ने गोली मारी थी। घटना की सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में फौजी गोली चलाता दिख रहा है।
सूत्रों के अनुसार, गांव महाव निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू फौज में है और उसकी तैनाती जम्मू के श्रीनगर में है।
घटना वाले दिन वह छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था।
इस मामले की अभी तक की जांच में पुलिस का मानना है कि गोकशी के बाद हुई हिंसा में कोतवाल सुबोध कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उनकी पिस्टल व मोबाइल लूट ले गया था। कोतवाल के हत्यारों का पता लगाना पुलिस के लिए एक चुनौती बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो से पुलिस ने फौजी को चिन्हित किया है। पुलिस का मानना है कि उक्त फौजी ने ही पत्थर लगने से गंभीर हालत में घायल कोतवाल सुबोध कुमार की हत्या की है। उनकी छीनी पिस्टल और मोबाइल भी उसी के कब्जे में है। घटना को अंजाम देने के बाद फौजी वापस ड्यूटी पर चला गया।
फौजी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम उपनिरीक्षक विजय गौतम के नेतृत्व में सीजेएम कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट लेने के बाद को जम्मू रवाना हो गई है। हालांकि पुलिस अधिकारी अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने कहा कि अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।