मुंबई। टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा मौत मामले में वालीव पुलिस ने उनके को-स्टार शीजान खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शीजन के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। तुनिषा शर्मा ने कल मुंबई में एक टीवी सीरियल के सेट पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। उनका शव फंदे से लटकता मिला था। एसीपी चंद्रकांत जाधव ने बताया कि एक्ट्रेस की मां ने मामले में शिकायत दर्ज कराई है। हम इसकी जांच कर रहे हैं। मौत से ठीक पहले 20 साल की तुनिषा एक म्यूजिक वीडियो शूट करने के लिए सेट पर मौजूद थीं।
सेट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वह बिल्कुल नॉर्मल थीं और 5 घंटे पहले ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो और कुछ नोट शेयर किए थे, जिसमें उन्होंने लिखा था,’जो अपने जुनून से आगे बढ़ते हैं, वे रुकते नहीं हैं। कुछ देर बाद ही उनका शव फंदे से लटकता मिला था. इस कथित आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। तुनिषा ने कटरीना कैफ की फिल्म फितूर में उनके बचपन का किरदार निभाया था. इसके अलावा वह अलीबाबा: दास्तान-ए-काबुल में शहजादी मरियम की भूमिका कर रही थीं। बार बार देखो, कहानी-2, दबंग-3 जैसी फिल्मों में भी बतौर बाल कलाकार उन्होंने काम किया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि तुनिषा वॉशरूम गई थीं। जब वह बहुत देर तक नहीं लौटीं, तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां उनका शव फंदे से लटकता पाया गया। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। सेट पर मौजूद लोगों, तुनिषा के परिवार वालों और करीबियों के बयान लिए गए हैं। इसी आधार पर शीजान की गिरफ्तारी भी हुई है। तुनिषा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी शो ‘भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप’ से की थी। वह चक्रवर्ति सम्राट अशोक, गब्बर पूंछवाला, शेर-ए-पंजाब: महाराणा रंजीत सिंह, इंटरनेट वाला लव और इश्क शुभान अल्लाह जैसे सीरियल्स में भी नजर आईं। बीते कुछ वर्षों में कई टीवी और फिल्म एक्टर्स ने आत्महत्या की है।